राहत पैकेज से 35 लाख रोजगार का सृजन : व्हाइट हाउस
वाशिंगटन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जनरल मोटर्स (जीएम) के शेयरों की बिक्री को मिली सफलता की जमकर तारीफ की है, वहीं व्हाइट हाउस ने 787 अरब डॉलर के राहत पैकेज से इस साल के अंत तक 35 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने का दावा किया है।
जीएम के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मिली रिकार्ड सफलता के आधार पर वाहन कम्पनी को राहत पैकेज देने के विवादित फैसले को सही ठहराते हुए उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले यह असंभव लगता था।
जीएम के लगभग 50 करोड़ शेयरों की बिक्री की खबरों के बीच उन्होंने कहा कि कई लोगों को उनके फैसले पर भरोसा नहीं था।
जीएम का आईपीओ प्रति शेयर 35 डॉलर पर खुला। वित्त मंत्रालय ने इसके लिए 33 डॉलर कीमत शुरू में तय किया था। इस आईपीओ से कम्पनी ने 20 अरब डॉलर की रिकार्ड राशि जुटाई है। इस तरह यह अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हुआ है।
ओबामा ने कहा कि कम्पनी को राहत पैकेज देने का फैसला उनके प्रशासन लिए कठिन था। लेकिन 50 अरब डॉलर के राहत पैकेज के बदले उन्होंने कम्पनी के शीर्ष प्रबंधन में जरूरी फेद बदल की और इसके कारण कम्पनी फिर एक बार विकास दिखाने लगी है।
गुरुवार को आए इस आईपीओ से कम्पनी में अमेरिकी सरकार की हिस्सेदारी 61 फीसदी से घटकर 36 फीसदी हो गई है। ओबामा ने कहा कि आखिरकार उनके कठिन फैसले का लाभ दिखने लगा है।
रिपब्लिकन नेताओं ने ओबामा के सरकारी धन कम्पनी में लगाने के फैसले का विरोध किया था। उनकी नजर में इस कम्पनी को बंद हो जाना चाहिए था। लेकिन ओबामा प्रशासन का मानना था कि इस कम्पनी को बचाने से हजारों नौकरियां बचेंगी और इसके दूरगामी परिणाम मिलेंगे।
ओबामा ने कहा कि हाथ पर हाथ रखकर बैठा नहीं जा सकता था। आशावादी और बुलंद हौसले वाले लोगों का देश कठिन समय में हाथ खड़े नहीं कर सकता है।
इस बीच व्हाइट हाउस के आर्थिक मामलों के एक परिषद ने कहा है कि राहत पैकेजों से अमेरिका में 27 लाख से 37 लाख नौकरियों का सृजन हुआ है या बचाई जा सकी हैं। परिषद ने कहा कि यह 2010 के अंत तक 35 लाख नौकरियां बचाने या सृजित करने के लक्ष्य से अधिक है।
अमेरिका में बेरोजगारी हालांकि अभी उस स्तर से अधिक है, जितना ओबामा प्रशासन ने उम्मीद की थी। इस पर ओबामा का कहना है कि ऐसा इसलिए है कि मंदी हम सब की उम्मीदों से अधिक बुरी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications