ृ2जी पर हंगामा जारी, संसद की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित (लीड-1)
सुबह लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के हंगामे के बाद दोनों सदनों को दोपहर तक के लिए स्थगित किया गया। दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भी विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
नौ नवम्बर से शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में अब तक कोई कामकाज नहीं हुआ है। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने और प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इसके सहयोगी दलों सहित वामदलों, समाजवादी पार्टी और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के सांसदों ने सदन में नारेबाजी की।
विपक्ष 2जी स्पेक्ट्रम लाइसेंस के मनमाने आवंटन से देश को 1,76,000 करोड़ रुपये के नुकसान के आरोप की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराने की मांग रहा है।
सरकार ने विपक्ष की इस मांग पर सदन में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सदन के बाहर कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने पत्रकारों से कहा, "कांग्रेस संसद से नहीं भाग रही। हम कभी भी बहस के लिए तैयार हैं।"
मंगलवार को सीएजी की रिपोर्ट पेश होने से पहले केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा ने रविवार रात को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया है कि राजा ने मनमाने ढंग से स्पेक्ट्रम का आवंटन किया जिससे देश को राजस्व का भारी नुकसान हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications