इंदिरा प्रियदर्शनी वृक्षमित्र पुरस्कार अर्पण शुक्रवार को
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय शुक्रवार को वर्ष 2010 के इंदिरा प्रियदर्शनी वृक्षमित्र पुरस्कार प्रदान करेगा। व्यक्तिगत श्रेणी में भारतीय वन सेवा के अधिकारी ए़.टी़ मिश्रा को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।
ज्ञात हो कि वनरोपण बंजर भूमि विकास के क्षेत्र में अग्रणी और नूतन योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए ये पुरस्कार 1986 में शुरू किए गए थे और हर साल प्रदान किए जाते हैं।
वर्ष 2005 तक ये पुरस्कार 15 विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए जाते थे और प्रत्येक श्रेणी में दो पुरस्कार दिए जाते थे। वर्ष 2006 से ये पुरस्कार सरकारी कर्मचारी सहित व्यक्तिगत श्रेणी, सरकारी संयुक्त प्रबंध समिति के तहत संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों की श्रेणी में दिए जा रहे हैं। प्रत्येक श्रेणी में 2़5 लाख रुपये नकद, पदक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
राज्यों एवं केद्र शासित प्रदेशों के लिए ये पुरस्कार 2008 में शुरू किए गए। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं।
पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार व्यक्तिगत श्रेणी में भारतीय वन सेवा के अधिकारी ए़.टी़ मिश्रा को पुरस्कार के लिए चुना गया है। दूसरी श्रेणी में चेन्नई स्थित तमिलनाडु वन विभाग के वन विस्तार प्रकोष्ठ तथा तीसरी श्रेणी में राजस्थान में प्रतापगढ़ जिले के दानी तलाई की ग्राम वन संरक्षण एवं प्रबंध समिति को चुना गया है। राज्यों की श्रेणी में जम्मू-कश्मीर, मिजोरम और चंडीगढ़ को पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications