2जी स्पेक्ट्रम : ट्राई ने की 69 लाइसेंसों को रद्द करने की सिफारिश
ट्राई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "इन लाइसेंसों को देने के लिए जो प्रक्रिया अपनाई गई वह मानकों के अनुरूप नहीं है। छह कंपनियों को 69 लाइसेंस जारी किए गए।"
अधिकारी ने कहा कि इन कंपनियों को दंडित भी किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि 69 लाइसेंसों में 20 लाइसेंस लूप टेलिकाम, 15 एटिसलैट डीबी, 11 सिस्टेमा-श्याम, 10 वीडियोकॉन, आठ यूनीनॉर और पांच यूनीनॉर को जारी हुए।
संचार भवन स्थित दूरसंचार विभाग (डॉट) मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक विभाग ट्राई की सिफारिशों की जांच करेगा और जरूरत होने पर कंपनियों को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा कि क्यों न उनका लाइसेंस रद्द कर दिया जाए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "ट्राई से निर्देश नहीं बल्कि सिफारिशें प्राप्त हुई हैं, उनकी जांच की जाएगी।"
ट्राई की यह सिफारिश उस समय आई है, जब नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने अपनी रिपोर्ट में पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा को 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में प्रधानमंत्री की सलाह को नजरअंदाज करने का दोषी पाया है।
उल्लेखनीय है कि रिपोर्ट में बताया गया है कि स्पेक्ट्रम का आवंटन मनमाने ढंग से करने पर राजकोष को 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications