राहुल ने पूछा उत्तर प्रदेश के विकास की गति धीमी क्यों?
लखनऊ। अपने संसदीय क्षेत्र छत्रपति शाहूजी महाराज नगर (अमेठी) के दौरे पर आए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के विकास कार्यों पर अफसोस जाहिर करते हुए राज्य सरकार के सामने सवाल खड़ा किया कि केंद्र सरकार द्वारा भेजे जा रहे पैसे से यूपी के विकास की गति इतनी धीमी क्यों है।
जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की पहली बैठक में राहुल गांधी ने राज्य सरकार की जमकर खिंचाई की। गौरीगंज में आयोजित इस बैठक में जिले के सभी प्रशासिनक अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल थे। बैठक में गौरीगंज विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक चंद्र प्रकाश द्वारा नवगठित छत्रपति शाहू ही महाराज नगर जिले के विकास के लिए केंद्र सरकार से 5,000 करोड़ रुपये की मांग का जवाब देते हुए सांसद राहुल ने कहा कि जितने पैसे की मांग की जा रही है, उससे कहीं ज्यादा पैसा केंद्र सरकार द्वारा पहले ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवंटित किया जा चुका है।
राहुल ने बसपा विधायक से कहा कि जिले में औद्योगिक इकाइयों, शिक्षण संस्थानों, राजमार्गो एवं सड़कों के निर्माण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए भेजे गए कई हजार करोड़ रुपये का उपयोग राज्य सरकार अभी तक नहीं कर पाई है। पहले उस धन का उपयोग कर त्वरित गति से विकास कार्य किए जाएं।
कानूनगो हत्याकांड का मामला भी उठा
इससे पहले कांग्रेस महासचिव ने चर्चित कानूनगो हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उसे न्याय दिलाने में हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे राहुल ने सुल्तानपुर जिले के मझवारा गांव में दिवंगत कानूनगो राम कुमार यादव की विधवा से मुलाकात की। पीड़ित परिवार द्वारा मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराए जाने की मांग पर राहुल ने सुझ्झाव दिया कि बेहतर होगा कि इसके लिए वे अदालत की शरण लें।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि राहुल ने पीड़ित परिवार से कहा कि राज्य सरकार मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कभी नहीं करेगी। इसलिए उन्हें अदालत का रुख करना चाहिए।
हत्याकांड में बसपा नेताओं को क्लीन चिट
मालूम हो कि मझवारा गांव निवासी राम कुमार यादव फैजाबाद में कानूनगो के पद पर तैनात थे और 25 अक्टूबर को पंचायत चुनाव की ड्यूटी से घर लौटते समय उनका अपहरण कर बाद में हत्या कर दी गई थी। परिजनों की शिकायत पर शुरू में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के स्थानीय विधायक सोनू सिंह, भाई मोनू सिंह और अन्य लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन बाद में राज्य सरकार ने बसपा विधायक को क्लीन चिट दे दी। इसके बाद मामले की सीबीआई जांच की मांग तेज हो गई।
पीड़ित परिवार से मिलने के पहले राहुल ने सुबह मुंशीगंज अतिथि गृह में अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। प्रवक्ता के मुताबिक लगभग दो हजार लोगों ने इस दौरान राहुल से मिलकर बिजली, पानी, सड़क, रोजगार एवं विकास सम्बंधी समस्याएं सुनाईं।
दौरे के दूसरे दिन राहुल ने कई सामाजिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन भी किया। उन्होंने ए.एस. इंटर कॉलेज में बॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच का शुभारंभ किया, वहीं हिलयापुर कस्बे के बलदेव सिंह पी.जी. कॉलेज में लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाकर फैजाबाद मंडल एयर राइफल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।












Click it and Unblock the Notifications