बिहार चुनाव : दागदार हैं अंतिम चरण के प्रत्याशी
पटना। बिहार चुनाव का अंतिम दंगल अभी बाकी है। लेकिन ताज्जुब की बात ये है कि इस बार जिन नामों पर मुहर लगने वाली हैं उनमें से ज्यादातर पर अपराधिक मामले लंबित हैं। इस चरण के 291 उम्मीदवारों में से 100 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 'नेशनल इलेक्शन वॉच' के बिहार प्रदेश के संयोजक अंजेश कुमार ने बुधवार को बताया कि छठे चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 10 में से आठ, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने चार में से तीन, जनता दल (युनाइटेड) ने 16 में से नौ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 26 में से 11, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 22 में से नौ और कांग्रेस ने 26 में से नौ ऐसे लोगों को टिकट थमाया है जिनपर किसी न किसी तरह के अपराधिक मामले लंबित हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इन 291 प्रत्याशियों में से 60 जहां मैट्रिक (दसवीं) पास हैं वहीं 26, आठवीं पास हैं। इसके अलावा नौ ऐसे उम्मीदवार भी हैं जो केवल साक्षर हैं। हालांकि इस चरण में स्नातकोतर 39 और स्नातक 63 प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। आपको बता दें कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए छह चरणों में चुनाव हो रहे हैं। छठे एवं अंतिम चरण के लिए 26 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है।













Click it and Unblock the Notifications