हाथियों की मौत के लिए रेलवे जिम्मेदार नहीं : ममता
कोलकाता, 16 नवंबर (आईएएनएस)। रेल मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनका विभाग उत्तर बंगाल में रेल की टक्कर से हाथियों की मौत की बढ़ती घटनाओं के लिए जिम्मेदार नहीं है।
हुगली के दानकुनी में पूर्वी मालभाड़ा गलियारा के निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर बनर्जी ने कहा, "हाथियों की मौत दुभाग्यपूर्ण है। लेकिन इसके लिए रेलवे जिम्मेदार नहीं है। हाथियों के झुंड के चलने की पूर्व सूचना हमें वन विभाग की ओर से नहीं दी जाती है।"
उन्होंने कहा, "जलपाईगुड़ी में अलीपुरदुआर खंड के बिन्नागुड़ी और बानरहाट स्टेशनों के बीच के इलाके को हमने गैर अधिसूचित क्षेत्र घोषित कर रखा है। इसी इलाके में 22 सितंबर को सात हाथियों की मौत हो गई थी।"
बनर्जी ने कहा, "अधिसूचित क्षेत्र को हाथी गलियारा के रूप में जाना जाता है, जहां चालक रेलगाड़ी की रफ्तार बहुत धीमी रखते हैं, अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटा और वे जन्तुओं को चेतावनी देने के लिए सीटी बजाते हैं, इसलिए उनका कोई दोष नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications