त्योहारों के रंग में रंगा मध्य प्रदेश (लीड-1)
प्रदेश में ईद-उल-जुहा का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। ईदगाहो और मस्जिदों में नमाज अता दिए जाने के साथ कुर्बानी दी गई। राजधानी भोपाल में शहर काजी मुहम्मद फोजिल कासमी ने ईद-उल-जुहा की नमाज अता कराई। सभी ने देश में अमन चैन, आपसी भाई चारे के साथ खुशहाली की दुआ मांगी। इस तरह जबलपुर में रानी ताल ईदगाह, इंदौर में सदर बाजार ईदगाह व ग्वालियर में मोती मस्जिद में ईद की नमाज अता की गई।
प्रदेश के अन्य स्थानों पर ईदगाह व मस्जिदों में सुबह आठ बजे से नमाज अता करने का दौर शुरू हो गया था। नमाजियों द्वारा देश में अमन चैन के साथ खुशहाली की दुआ मांगी गई। सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकवाद दी। वहीं कुर्बानी देने का सिलसिला जारी है।
ईद को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में विशेष उत्साह रहा, यही कारण है कि मंगलवार को बाजारों में विशेष रौनक रही और जमकर खरीददारी की गई।
प्रदेश के राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अजय विश्नोई ने ईद-उल-जुहा की बधाई दी है।
वहीं दूसरी ओर देवउत्थान एकादशी पर भोपाल व इंदौर सहित अन्य शहरों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दिन का हिंदू समाज में विशेष महत्व है क्योंकि अब वैवाहिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। भोपाल के रवीन्द्र भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications