देशभर में धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई बकरीद (लीड-1)
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। देशभर में बुधवार को धार्मिक उल्लास और परम्परागत तरीके से ईद-उल-जुहा का त्योहार मनाया गया। मुसलमानों ने ईदगाहों, मस्जिदों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इसी मौके पर बकरों की कुर्बानी दी गई।
दिल्ली में 17वीं शताब्दी की जामा मस्जिद में बकरीद की नमाज के लिए हजारों की संख्या में लोग इकट्ठे हुए। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाया और 'ईद मुबारक' कहा। इस अवसर पर गरीबों और जरूरतमंदों के बीच खरात बांटी गई।
आंध्र प्रदेश में कुर्बानी के इस पर्व केअवसर पर हैदराबाद की ऐतिहासिक मीर आलम ईदगाह में सबसे ज्यादा 200,000 से अधिक लोगों ने नमाज अदा की।
सुबह से ही हजारों मस्जिदों, ईदगाहों और खुले मैदानों में नमाज के लिए मुसलमान इकट्ठे होने लगे थे। इस अवसर पर इमामों ने पैगम्बर इब्राहिम की कुर्बानी को याद किया और मुसलमानों से पवित्र ग्रंथ कुरान की शिक्षाओं पर चलने के लिए कहा।
हैदराबाद में मीर आलम ईदगाह में जहां सबसे ज्यादा मुसलमान इकट्ठे हुए तो मक्का मस्जिद इस मामले में दूसरे स्थान पर रही।
मुम्बई सहित पूरे महाराष्ट्र में भी ईद-उल-जुहा का उत्साह देखा गया। इस अवसर पर 180 किलोग्राम वजन और चार फुट ऊंचा बकरा आकर्षण का केंद्र रहा। इस बकरे का वजन एक सामान्य बकरे से करीब चार गुना ज्यादा था। मंगलवार को नागपुर के एक बाजार में बिक्री के लिए लाए गए इस बकरे ने लोगों को खूब आकर्षित किया था।
मुम्बई की करीब 500 मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज पढ़ी गई। इसके बाद मुसलमानों ने एक-दूसरे को बधाई दी और फिर कुर्बानी दी गई।
लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में परम्परागत आस्था और विश्वास के साथ बकरीद मनाई गई। लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह और आसिफी मस्जिद में विशेष नमाज पढ़ने के लिए बड़ी तादाद में लोग पहुंचे।
उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के मद्देनजर प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की 34 कम्पनियां और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) की 10 टुकड़ियां विभिन्न स्थानों पर तैनात की गईं।
इसी तरह पटना सहित पूरे बिहार में सभी ईदगाहों, मस्जिदों में हजारों की संख्या में लोग इकट्ठे हुए और ईद की विशेष नमाज अदा की गई।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। इसके अलावा शाही ईदगाह, दरगाह शारजा, मंगल तालाब ईदगाह में भी लोगों ने नमाज अदा कर अल्लाह से एक-दूसरे की खुशी के लिए दुआ मांगी। बकरीद के मौके पर पटना सहित राज्य के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी ईदगाह व मस्जिदों में सुबह आठ बजे से नमाज अदा करने का दौर शुरू हो गया था। नमाजियों ने देश में अमन चैन के साथ खुशहाली की दुआ मांगी। इस अवसर पर बाजारों में विशेष रौनक रही।
कश्मीर घाटी में भी ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। हजारों मुसलमानों ने ईद-उल-जुहा की नमाज अदा की। कुछ स्थानों पर नारेबाजी कर रहे युवाओं के साथ सुरक्षा बलों की झड़पें और पथराव की घटनाएं भी हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications