हैदराबाद में धूमधाम से मनाई गई बकरीद
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में लाखों मुसलमानों ने कुर्बानी का पर्व ईद-उल-जुहा धूमधाम से मनाया। इसके पवित्र अवसर पर बुधवार को हैदराबाद की ऐतिहासिक मीर आलम ईदगाह में सबसे ज्यादा 200,000 से अधिक लोगों ने नमाज अदा की। सुबह से ही हजारों मस्जिदों, ईदगाहों और खुले मैदानों में नमाज के लिए मुसलमान इकट्ठे होने लगे थे। इस अवसर पर इमामों ने पैगम्बर इब्राहिम की कुर्बानी को याद किया और मुसलमानों से पवित्र ग्रंथ कुरान की शिक्षाओं पर चलने के लिए कहा।
मीर आलम ईदगाह में जहां सबसे ज्यादा मुसलमान इकट्ठे हुए तो मक्का मस्जिद इस मामले में दूसरे स्थान पर रही।
आंध्र प्रदेश के अन्य शहरों में भी बकरीद मनाई गई। मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नमाज अदा की। प्रदेश की 7.8 करोड़ लोगों की आबादी का 10 प्रतिशत हिस्सा मुस्लिम है।
शताब्दियों पहले की पैगम्बर इब्राहिम की महान कुर्बानी की याद में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने बकरों की कुर्बानी दी। ऐसा माना जाता है कि अल्लाह ने पैगम्बर इब्राहिम की एक बहुत कठिन परीक्षा ली थी, जिसमें वह अपने एकमात्र बेटे इस्माइल की कुर्बानी देने को तैयार हो जाते हैं। अल्लाह ने उनकी कुर्बानी को कुबूल करते हुए इस्माइल के स्थान पर बकरे की बलि ली। बकरीद को ईद-ए-कुर्बान भी कहा जाता है। ईद-उल-फितर के बाद यह मुसलमानों का दूसरा सबसे बड़ा त्योहार है।













Click it and Unblock the Notifications