कनाडाई प्रधानमंत्री ने दीपावली समारोह में शिरकत की
टोरंटो, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कनाडा की संसद में दीपावली समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने मंगलवार को कहा कि भारत के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों बीच आर्थिक संबंधों के नए युग की शुरुआत होगी।
दीपावली के वार्षिक समारोह के अवसर पर दीप प्रज्जवलित करने के दौरान हार्पर ने कहा कि दोनों देशों ने आपसी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए व्यापार आर्थिक सहयोग समझौते (सीईपीए) पर वार्ता शुरू की है।
सियोल में जी-20 बैठक के दौरान पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री मनमोहन से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते की भूमिका तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की प्रशंसा की।
भारत और कनाडा के बीच मौजूदा व्यापार 4.5 अरब डॉलर का है जिसे अगले पांच साल में बढ़ाकर तीन गुना करने का लक्ष्य रखा गया है। चीन के साथ कनाडा का व्यापार 29 अरब डॉलर का है।
इस समारोह में कनाडा के आव्रजन मंत्री जैसन केनी, संसद सचिव दीपक ओबेराय, भारतीय मूल के कनाडाई सीनेटर विम कोचर, भारतीय मूल के सांसद रूबी ढल्ला और देवेंद्र शौरी सहित करीब 500 लोग मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications