कम्बोडिया में बारूदी सुरंग विस्फोट में 14 मरे
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक 'कम्बोडिया माइन्स/ईआरडब्ल्यू इन्फॉर्मेशन सिस्टम' के परियोजना प्रबंधक क्षिव लिम का कहना है कि बैटमबैंग प्रांत में मंगलवार को हुई घटना की पूरी जानकारी अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया, "ये सभी लोग अपने गांव में खेतों में काम करने के बाद ट्रक से लौट रहे थे, जब ट्रक सुरंग के ऊपर से गुजरा तभी यह विस्फोट हुआ।" मरने वाले 14 लोगों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं।
बारूदी सुरंगों को नष्ट करने की परियोजना से जुड़े अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस साल के शुरुआती 10 महीनों में बारूदी सुरंग विस्फोटों में 53 लोग मारे गए और 181 घायल हुए। पिछले साल सुरंग विस्फोटों से 13 प्रतिशत लोग ही प्रभावित हुए थे।
दुनिया में सबसे ज्यादा बारूदी सुरंगें कम्बोडिया में हैं।
वर्ष 1979 में खैमर रूज सरकार के अपदस्थ होने के बाद से अब तक कम्बोडिया में हुए विस्फोटों में 63,700 से ज्यादा लोग मारे गए या घायल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications