ग्रामीणों के हमले में 6 पुलिसकर्मी घायल
मामला अमरिया थाना क्षेत्र के भरापचपेड़ा गांव का है, जहां मंगलवार देर शाम लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस ग्रामीणों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया। ग्रामीण ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर उस पर पिछले काफी समय से खेती कर रहे थे और पुलिस उस भूमि को मुक्त कराने के लिए वहां पहुंची थी।
पुलिस अधीक्षक प्रेम गौतम ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि हमला करने के बाद ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों से उनके हथियार छीनने के प्रयास किए। प्रारम्भिक जांच के आधार पर 40 ग्रामीणों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है।
गौतम ने बताया कि नामजद लोगों में से पांच ग्रामीणों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के हमले में घायल दो उप-निरीक्षकों सहित छह पुलिसकर्मियों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि इलाके में तनाव के मद्देनजर पुलिस बल के साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की तैनाती की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications