दिल्ली में इमारत गिरी, 24 मरे (लीड-2)
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मीनगर इलाके में सोमवार रात एक पांच मंजिली इमारत के गिरने से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। इमारत के मलबे में 40 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बताया कि इमारत गिरने से 24 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बचाव कार्य में करीब 300 लोगों को लगाया गया है।
दिल्ली अग्निशमन विभाग के प्रमुख आर.सी. शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से कम से कम 40 लोगों को निकाल कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
दिल्ली नगर निगम के अनुसार इमारत के गिरने से करीब 70 लोग उसके नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
उधर, आपातकालीन सेवाओं जैसे क्रेन और अन्य उपकरण को कॉलोनी की तंग गलियों की वजह से घटना स्थल पर पहुंचने में देरी हुई। इसके अलावा अंधेरा और बूंदाबांदी ने भी राहत एवं बचाव कार्यो में बाधा पहुंचाई। स्थानीय लोग हाथों से मलबे को हटाने में जुटे हैं।
घायलों को लोक नायक जयप्रकाश नारायण और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पहुंचाया गया है।
दिल्ली के वित्त मंत्री ए.के. वालिया ने पत्रकारों से बताया, "इमारत के तलघर में पानी जमने की वजह से यह हादसा हुआ होगा।"
उधर, दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से किए गए निर्माण के चलते इमारत गिरी होगी।
निगम के एक अधिकारी ने बताया, "महावीर इंक्लेव में गत तीन दिनों पहले हमने एक पांच मंजिली इमारत के अवैध निर्माण को तोड़कर उसे गिरने से रोका।"
इस बीच पूर्वी दिल्ली के सांसद संदीप दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications