भोपाल में कांग्रेस कार्यालय पर पथराव, 4 गिरफ्तार (लीड-1)
भोपाल, 15 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सर संघचालक के.एस. सुदर्शन द्वारा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब हिंसक हो चला है। हिंदू तरुणाई मंच के कार्यकर्ताओं ने जहां कांग्रेस के दफ्तर पर पथराव किया, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी हमलावरों पर पत्थर बरसाए।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की दोपहर को ही कांग्रेस दफ्तर पर हमला किए जाने की सूचना मिलने पर जहां कांग्रेस नेता वहां जुटने लगे, वहीं पुलिस भी पहुंची। शाम को लगभग 50 युवकों ने कांग्रेस के दफ्तर पर पथराव किया। इसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पत्थर बरसाए।
पुलिस अधीक्षक योगेश चौधरी ने आईएएनएस को बताया कि पथराव करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वह यह मानने को तैयार नहीं हैं कि कांग्रेस कार्यालय पर पथराव हुआ है। उनका कहना है कि युवाओं का समूह कांग्रेस दफ्तर की ओर बढ़ रहा था, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
बताया गया है कि पथराव करने वाले कई कार्यकर्ता शव वाहन में सवार होकर आए थे और उन्होंने रेडक्रॉस अस्पताल के करीब उतरकर पथराव शुरू कर दिया। हमलावर हिंदू तरुणाई मंच के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। वे हाथ में केसरिया झंडे थामे हुए थे और सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications