बाघों की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस ने वन्यजीवों के अंगों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को तेंदुए और बाघों की खाल के साथ गिरफ्तार किया।
सैयदराजा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तस्कर मुकेश कुमार (28) को तीन बाघ और एक तेंदुए की खाल के साथ धर दबोचा गया। पुलिस ने मंगलवार शाम इस गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आर.के.राम ने संवाददाताओं को बताया कि तस्कर बरामद खालों को लेकर बिहार स्थित अपने किसी ग्राहक को बेचने जा रहा था, तभी सूचना मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि तस्कर वाराणसी का रहने वाला है और पिछले चार वर्षो से इस धंधे में लिप्त है। पूछताछ में उसके गिरोह और संपर्को के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिन पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए तस्कर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications