इंदौर की अदालत में पहुंचा 'राखी का इंसाफ'
इंदौर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। एक निजी चैनल पर दिखाया जाने वाला रियलिटी शो 'राखी का इंसाफ' अब इंदौर की अदालत में पहुंच गया है। इसकी वजह कार्यक्रम में की गई अपमानजनक टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति की मौत का मामला है।
मंगलवार को इंदौर के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी भूपेंद्र नकवाल की अदालत में एक परिवाद दायर किया गया। यह परिवाद किशोर मरमट की ओर से अधिवक्ता किशन कुमार कुम्हारे ने दायर किया है।
परिवाद में कार्यक्रम को तैयार करने वाले चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ 'राखी का इंसाफ ' के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की गई है।
कुम्हारे का आरोप है कि रिएलिटी शो में अदालत की प्रक्रिया के प्रदर्शन का तरीका भी आपत्तिजनक है। इतना ही नहीं, शो के दौरान अश्लील टिप्पणी भी की जाती है।
मालूम हो कि 'राखी का इंसाफ ' कार्यक्रम में शामिल होने के बाद झांसी निवासी लक्ष्मण अहिरवार की मौत हो गई थी। लक्ष्मण के परिवार का आरोप है कि कार्यक्रम में लक्ष्मण पर अभद्र टिप्पणी की गई थी और कथित तौर पर उसी सदमे की वजह से लक्ष्मण की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications