सिब्बल ने संभाला दूरसंचार मंत्रालय का कार्यभार
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने मंगलवार को संचार भवन में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन विवाद में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के ए. राजा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
कार्यभार संभालने के बाद सिब्बल ने दूरसंचार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभागों के सचिवों और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।
जलवायु परिवर्तन पर यहां हो रहे राष्ट्रीय सम्मेलन में पत्रकारों ने सिब्बल से स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में सवाल पूछे। इस पर सिब्बल ने कहा कि दूरसंचार विभाग से अच्छी तरह परिचित होने के बाद ही वह इससे जुड़े सवालों का जवाब दे पाएंगे।
सिब्बल चौदह वर्षो में इस मंत्रालय को संभालने वाले कांग्रेस पार्टी के पहले सदस्य होंगे। इसके पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार में यह मंत्रालय डीएमके के पास था।
चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य सिब्बल (62) के पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालयों की भी जिम्मेदारी है। पहले यह मंत्रालय पृथ्वीराज चव्हाण के पास थे। चव्हाण को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन विवाद में इस्तीफा देने से पहले इंकार करने वाले संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ए. राजा को रविवार रात अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications