भोपाल में कांग्रेस और आरएसएस कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत
भोपाल, 16 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सर संघचालक के.एस. सुदर्शन द्वारा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
भोपाल में मंगलवार को संघ के कार्यालय समिधा पर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आरएसएस के स्वयंसेवकों से भिड़ंत हो गई। इस दौरान दोनों ओर से पथराव भी हुआ।
भोपाल में कांग्रेस कार्यालय पर हुए पथराव के विरोध में काले झंडे लेकर युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता समिधा पहुंचे और नारेबाजी की। इस पर आरएसएस कार्यालय के बाहर डंडे थामे स्वयं सेवकों ने उन्हें खदेड़ दिया। इस पर दोनों ओर से पत्थर चलाए गए। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर ने बताया कि युवा कांग्रेस (युकां) के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने आए थे, उन्हें पुलिस ने वहां से हटा दिया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए समिधा के नजदीक पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ रास्ता भी रोक दिया गया था।
वहीं युकां कार्यकर्ताओं ने सुदर्शन की टिप्पणी और कांग्रेस कार्यालय पर हुए हमले के विरोध में भोपाल के बोर्ड आफिस चौराहे पर पुतला दहन किया। पार्टी ने सुदर्शन से माफी मांगने की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications