राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री साई बाबा के जन्मोत्सव में हिस्सा लेंगे
पाटील 19 नवम्बर को आयोजित 'महिला दिवस' पर एक संगोष्ठी में हिस्सा लेंगी। वह अनंतपुर जिले के पुट्टपर्ती स्थित साई बाबा के आश्रम, प्रशांति निलयम में कुछ घंटे बिताएंगी। साई बाबा उस दिन अपनी मां ईश्वरम्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मनमोहन सिंह, 22 नवम्बर को पुट्टपर्ती पहुंचेंगे और श्री सत्य साई विश्वविद्यालय के 29वें दीक्षांत समारोह को सम्बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री प्रशांति निलयम में लगभग तीन घंटे रहेंगे।
प्रशांति निलयम साई बाबा के 85वें जन्म दिन (23 नवम्बर) के उपलक्ष्य में आयोजित गतिविधियों से पहले ही गुंजायमान हो उठा है। देश-विदेश से हजारों की संख्या में लोग बाबा का आशीर्वाद लेने पुट्टपर्ती पहुंच रहे हैं।
सत्यनारायण राजू उर्फ सत्य साई बाबा का जन्म 23 नवम्बर, 1926 को पुट्टपर्ती में हुआ था। वर्ष 1940 में उन्होंने अपने को भगवान का अवतार होने का दावा किया।
वह अपने चमत्कारों को लेकर चर्चित हुए, लेकिन फर्जीवाड़े के आरोप के बाद उन्होंने 1990 के दशक में चमत्कार दिखाने बंद कर दिया। उसके बाद से साई बाबा ने धर्मदा और सामाजिक कार्यो पर अपना ध्यान केंद्रित किया।
'श्री सत्य साई सेवा संगठन', जन्म दिवस समारोहों के लिए श्रद्धालुओं को कई सारी सुविधाएं मुहैया करा रहा है। कस्बे में गरीबों के भोजन के लिए व्यापक पैमाने पर 'अन्नदानम' आयोजित किया गया है।
संगठन की ओर से बुधवार को गरीब लड़कियों के सामूहिक विवाह का प्रबंध किया गया है। सत्य साई प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थी अगले दिन एक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे।
अपने जन्मदिन के मौके पर साई बाबा हिलव्यू स्टेडियम में श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे और उन्हें सम्बोधित करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications