कानूनगो परिवार को मदद का राहुल का अश्वासन
लखनऊ, 16 नवंबर, आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने चर्चित कानूनगो हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मंगलवार को मुलाकात कर उसे न्याय दिलाने में हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।
अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे राहुल ने मंगलवार को सुल्तानपुर जिले के मझवारा गांव में दिवंगत कानूनगो राम कुमार यादव की विधवा से मुलाकात की।
पीड़ित परिवार द्वारा मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग किए जाने पर राहुल ने सुझाव दिया कि बेहतर होगा कि इसके लिए वे अदालत का रुख करें।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस महासिचव ने पीड़ित परिवार से कहा कि राज्य सरकार मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कभी नहीं करेगी। इसिलए उन्हें अदालत का रुख करना चाहिए। इस दौरान राहुल ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मालूम हो कि मझवारा गांव निवासी आर.के.यादव फैजाबाद में कानूनगो के पद पर तैनात थे और गत 25 अक्टूबर को पंचायत चुनाव की ड्यूटी कर घर लौटते समय रास्ते में उनका अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गई थी।
परिजनों की शिकायत पर शुरू में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के स्थानीय विधायक सोनू सिंह, भाई मोनू सिंह और अन्य लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन बाद में राज्य सरकार ने बसपा विधायक को क्लीन चिट दे दी। उसके बाद मामले की सीबीआई जांच की मांग और तेज हो गई।
पीड़ित परिवार से मिलने से पहले राहुल ने सुबह मुंशीगंज अतिथि गृह में अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी।
प्रवक्ता के मुताबिक लगभग दो हजार लोगों ने इस दौरान राहुल से मिलकर बिजली, पानी, सड़क, रोजगार व विकास सम्बंधी समस्याएं सुनाई।
दौरे के दूसरे दिन राहुल ने कई सामाजिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन भी किया।
राहुल ने ए.एस. इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना में हो रहे बॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच का शुभारंभ किया, वहीं हिलयापुर कस्बे के बलदेव सिंह पी.जी. कॉलेज में लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाकर उन्होंने फैजाबाद मंडल एयर राइफल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications