पैदल चलने से दूर रहती हैं
लंदन, 16 नवंबर (आईएएनएस)। यदि आप चाहते हैं कि बीमारियां आपके पास न फटकें तो प्रतिदिन 30 मिनट के लिए पैदल जरूर चलें। एक नए शोध के मुताबिक ऐसा करने से मानसिक विकृति और कैंसर सहित करीब दो दर्जन बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है।
शोधकर्ताओं ने पिछले चार साल के दौरान हुए 40 अध्ययनों के विश्लेषण के बाद यह दावा किया है। 'इंटरनेशनल जर्नल फॉर क्लिनिकल प्रैक्टिस' में प्रकाशित इस शोध के मुताबिक स्वस्थ रहने के लिए धूम्रपान त्यागने के साथ फिट और सक्रिय रहना चाहिए।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक ऐसा करने से सभी आयु वर्ग के पुरुषों व महिलाओं को फायदा होता है। अध्ययन में प्रतिभागियों को एक सप्ताह में 150 मिनट का हल्का-फुल्का व्यायाम कराया गया। इसमें सप्ताह में पांच दिन 30 मिनट तक पैदल चलने या साइकिल चलाने के लिए कहा गया।
इससे दिल की बीमारियों और आघात का खतरा कम हो जाता है। ऐसे भी कई प्रमाण सामने आ रहे हैं जो बताते हैं कि व्यायाम से बुढ़ापे में होने वाली मानसिक विकृति का खतरा भी कम हो जाता है।
इसके अतिरिक्त इससे ओस्टियोपोरोसिस, मधुमेह, अवसाद, मोटापा और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों का खतरा भी कम होता है।
शोध में पाया गया है कि प्रतिदिन 30 मिनट तक सामान्य व्यायाम करने से कैंसर का खतरा भी कम हो जाता है। यदि आप प्रतिदिन एक घंटा व्यायाम करते हैं तो इससे होने वाले फायदे और भी बढ़ जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications