उड़ीसा में नक्सलियों ने पुलिस थाने में तोड़फोड़ की
भुवनेश्वर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उड़ीसा के कोरापुट जिले में लगभग 50 की संख्या में नक्सलियों ने एक थाने में तोड़फोड़ की और वहां मौजूद दस्तावेजों और एक पुलिस जीप को आग के हवाले कर दिया। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
जिला पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार साहू ने आईएएनएस को बताया कि नक्सलियों ने भुवनेश्वर से कोई 540 किलोमीटर दूर, काकिरीगुमा स्थित थाने पर हमला किया।
साहू ने कहा, "नक्सलियों ने वहां रखे फर्नीचर और थाने के दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने कागजातों और दस्तावेजों को आग लगा दी।" नक्सलियों ने वहां से फरार होने के पूर्व बाहर खड़ी एक जीप को भी आग लगा के हवाले कर दिया।
साहू ने कहा, "पुलिस थाना आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।"
कोरापुट, नक्सलियों का एक गढ़ माना जाता है। माना जाता है कि नक्सलियों ने हाल में जिले में कुछ नक्सली कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के प्रतिक्रियास्वरूप थाने पर हमला किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications