आतंकी जोखिम सूचकांक में सोमालिया, पाकिस्तान शीर्ष पर
लंदन, 16 नवंबर (आईएएनएस)। वैश्विक आतंकवाद जोखिम सूचकांक (टीआरआई) में सोमालिया पहले तथा पाकिस्तान को दूसरे स्थान पर है। यह जानकारी जोखिम परामर्शदाता कम्पनी की रिपोर्ट में दी गई है।
वैश्विक जोखिम परामर्शदाता कम्पनी, मैपलक्रॉफ्ट ने 196 देशों में आतंकवादी घटनाओं की आवृत्ति और तीव्रता का आकलन करने के बाद यह सूचकांक तैयार किया है।
रिपोर्ट में 16 देशों को अति खतरनाक श्रेणी में रखा गया है। सूचकांक में इराक तीसरे स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान चौथे स्थान पर। इसके अलावा अन्य देशों में कोलम्बिया, थाईलैंड, फिलीपींस, यमन और रूस शामिल हैं, जिन्हें शीर्ष 10 अति जोखिम वाले राष्ट्रों में रखा गया है।
रिपोर्ट में उच्च जोखिम वाले देशों में हमलों के लिहाज से संवेदनशील व्यापारिक सम्पत्तियों का जिक्र करते हुए भारत के छत्तीसगढ़ में खनन गतिविधियों पर हमलों का जिक्र किया गया है।
आतंकी घटनाओं की आवृत्ति और हमलों की तीव्रता का आकलन करने के लिए आतंकवाद जोखिम सूचकांक में जून 2009 से जून 2010 के आकड़ों को इस्तेमाल किया गया है। इसमें हर हमलों में पीड़ितों की संख्या और जन संहार की सम्भावनाओं को शामिल किया गया है।
मैपलक्रॉफ्ट की वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा गया है, "सोमालिया इस वर्ष सूचकांक में चौथे स्थान से पहले स्थान पर आ गया है। सोमालिया में जून 2009 से जून 2010 के बीच 556 आतंकी घटनाएं घटीं, 1,437 लोग मारे गए और 3,408 लोग घायल हुए।"
यमन पहली बार अति जोखिम सम्भावित श्रेणी में आया है। बयान में कहा गया है, "जून 2009 से जून 2010 के बीच यमन की धरती पर 109 आतंकी हमले हुए हैं। आतंकी हमलों में यहां बहुत तेजी के साथ वृद्धि हुई है। यमन में आतंकवाद के प्राथमिक स्रोत अरब प्रायद्वीप में स्थित अलकायदा (एक्यूएपी) है।"
इसे संयोग ही कहें कि किसी भी प्रमुख पश्चिमी अर्थव्यवस्था को अति जोखिम वाली श्रेणी में शामिल नहीं किया गया है। सूचकांक में अमेरिका (33), फ्रांस (44), और ब्रिटेन (46) को मध्यम जोखिम वाली श्रेणी में रखा गया है। कनाडा (67), और जर्मनी (70) को निम्न जोखिम वाली श्रेणी में रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications