रणनीतिक वार्ता के लिए कृष्णा चीन पहुंचे
बीजिंग, 15 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा चीन और रूस के अपने समकक्षों के साथ रणनीतिक वार्ता के लिए रविवार को यहां पहुंचे।
मध्य चीनी शहर वुहान में होने वाली 10वीं त्रिपक्षीय वार्ता के बारे में उम्मीद जताई जा रही है कि तीनों उभरती ताकतों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और बहुध्रुवीव विश्व व्यवस्था बनाने के लिए सामरिक सहयोग पर चर्चा होगी।
समाचार एंजेसी 'सिन्हुआ' ने बताया कि दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक के अलावा चीन के विदेश मंत्री यांग जेईची कृष्णा और रूस के विदेश मंत्री सर्जेई लावरोव के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र परिषद में स्थाई सदस्यता के लिए अमेरिका से समर्थन मिलन के बाद माना जा रहा है कि भारत चीन से भी उसके स्पष्ट समर्थन की मांग और नत्थी वीजा पर बात करेगा।
उल्लेखनीय है कि चीन कुछ समय से जम्मू एवं कश्मीर के लोगों के लिए अलग से नत्थी वीजा जारी कर रहा है। भारत उसके इस कदम को अपनी संप्रुभता के लिए चुनौती मानता है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि तीनों नेता, व्यापार, विकास और ऊर्जा के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने के अलावा अपने क्षेत्रीय मुद्दों खासकर अफगानिस्तान के बारे में भी बातचीत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications