देश ने चाचा नेहरू को याद किया
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 121वीं जयंती देशभर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इसके उपलक्ष्य में जगह-जगह कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील एवं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नेहरू जी को पुष्पांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री ने शांतिवन स्थित नेहरूजी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित एवं बड़ी संख्या विशिष्ट लोगों ने भी नेहरूजी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।
उधर संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में प्रधानमंत्री सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण किया।
राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों सहित देशभर के विद्यालयों में पं. नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने नेहरूजी को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उन्हें बच्चों से बेहद लगाव था। बच्चे भी नेहरूजी को प्यार से 'चाचा' कहते थे।
देशभर के प्रमुख समाचार पत्रों में सरकार की ओर से जारी विज्ञापनों में नेहरूजी के चित्रों के साथ उनके व्यक्तित्व एवं महत्वपूर्ण कार्यो को याद किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications