पुलिसकर्मियों को कब्जे में रखने का नक्सलियों का दावा (लीड-1)
प्रतिबंधित संगठन की सैन्य इकाई केसकाल दलम के कमांडर रमेश ने बस्तर क्षेत्र के स्थानीय मीडिया को भेजे गए संदेश में कहा है कि पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।
कमांडर ने कहा है कि इसके लिए कांकेर जिला प्रशासन को उन स्थानीय लोगों को छोड़ना होगा जिन्हें नक्सली होने का आरोप लगाकर जेल में बंद किया गया है।
पुलिसकर्मी खेमचंद साहू और जितेंद्र पटेल आठ नवम्बर से लापता हैं। दोनों जिला सुरक्षा बल और विशेष पुलिस अधिकारियों के 90 सदस्यीय दल के साथ नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के एर्का वन क्षेत्र में तैनात थे।
पुलिसकर्मियों के परिजनों ने नारायणपुर जिला प्रशासन से उनकी सही सलामत वापसी कराने की अपील की है। उधर, पुलिस नक्सलियों के दावों की सत्यता की जांच कर रही है।
पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "नक्सलियों की मांग पर सरकार बयान दे सकती है। हम अभी भी पूरी तरह सुनिश्चित नहीं है कि पुलिसकर्मी उनके कब्जे में हैं। हम उनके संदेशों की जांच कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications