दिल्ली में मुठभेड़, आतंकवादी गिरफ्तार (राउंडअप)
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि रविवार रात तकरीबन 9.30 बजे दक्षिणी दिल्ली के हौज खास इलाके में दीर पार्क में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद 35 साल के पाकिस्तानी नागरिक अब्दुल्ला इंकलाबी को पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा, "उसने हम पर गोली चलाई और भागने की कोशिश की, लेकिन आधे घंटे तक तीन से चार राउंड तक हुई गोलीबारी के बाद उसे दबोच लिया गया।" उसके पास से एक पिस्तौल और कुछ कारतूस जब्त किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा द्वारा की गई पूछताछ के बाद इंकलाबी को सोमवार दोपहर तीस हजारी अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। भारतीय दंड संहिता के शस्त्र अधिनियम, विदेशी एवं गैर कानूनी गतिविधियों (निरोधक) अधिनियम के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया, "इंकलाबी ने यह कबूल किया कि वह जम्मू एवं कश्मीर में सक्रिय था और पिछले हफ्ते ही सुरक्षित ठिकाने की तलाश में दिल्ली आया था। बयानों और अन्य कोणों से उसके राष्ट्रीय राजधानी में ठहरने को लेकर अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।"
उधर, जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने सोमवार को कहा कि हमारी खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकवादी इंकलाबी को गिरफ्तार किया है। यह आतंकी राज्य में सिलसिलेवार हत्या और अपहरण की घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक (जम्मू) अशोक गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, "इंकलाबी की गिरफ्तारी में जम्मू एवं कश्मीर पुलिस के द्वारा मुहैया कराई खुफिया जानकारी की बड़ी भूमिका रही है। हमने दिल्ली पुलिस को इसके बारे में जानकारियां दी थीं"
उन्होंने कहा, "इंकलाबी राज्य में कम से कम 20 हत्याओं के साथ अपहण की घटनाओं में भी शामिल रहा है। वह राजौरी और जम्मू क्षेत्र के रियासी में सक्रिय था।"
गुप्ता ने कहा कि उन्हें इसकी सही-सही जानकारी थी इंकलाबी दिल्ली में है। उन्होंने बताया, "पूछताछ के दौरान सारी जानकारियां मिलेंगी, लेकिन यह संदेह बना हुआ था कि वह अपनी आतंकी गतिविधियों का ठिकाना बनाने के लिए दिल्ली गया है।"
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कहा कि यह संभावना है कि इंकलाबी अपने संगठन के लिए धन जुटाने के मकसद से दिल्ली आया हो।
सुरक्षा एजेंसियां इंकलाबी के यहां किन-किन लोगों से संबंध थे, इस मामले में भी छानबीन कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications