बच्चों ने कलाम से साझा किए अपने सपने
भोपाल, 15 नवंबर (आईएएनएस)। स्कूली बच्चों के सपने बड़े-बड़े हैं और वे चांद एवं मंगल ग्रह पर जाना चाहते हैं। बच्चों ने अपने सपने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के साथ साझा किए। मौका था राज्यस्तरीय इंस्पायर अवार्ड वितरण समारोह और विज्ञान प्रदर्शनी का।
टीटी नगर के मॉडल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में कलाम ने बच्चों से उनके सपनों को पूछा तो सभी बच्चों ने मंगल ग्रह और चंद्रमा पर जाने की इच्छा जताई। बच्चों की राय जानते ही उनका चेहरा खिल उठा और इस पर उन्होंने कहा, "आप सब जब मंगल ग्रह और चंद्रमा पर वर्ष 2030 में पहुंचेंगे तो मैं वहां आपसे मिलूंगा, उस समय मेरी आयु 100 वर्ष होगी।"
कलाम ने बच्चों को शपथ भी दिलाई कि वे प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत से नहीं डरेंगे। अपना लक्ष्य तय करने के लिए ज्ञानवर्धन करेंगे और विपरीत परिस्थिति से डरेंगे नहीं।
पूर्व राष्ट्रपति ने प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा प्रदर्शित किए गए मॉडल को देखा और उनसे सवाल करने के अलावा कुछ सलाह भी दी। बच्चे कलाम को अपने बीच पाकर फूले नहीं समाए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और स्कूली शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस ने भी शिरकत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications