सिब्बल को दूरसंचार मंत्रालय का कार्यभार (लीड-1)
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल को संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। पहले यह मंत्रालय द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के ए. राजा के पास था। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन विवाद में राजा ने रविवार रात इस्तीफा दे दिया।
सिब्बल को पिछले सप्ताह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय का भी कार्यभार दिया गया। पहले यह मंत्रालय पृथ्वीराज चव्हाण के पास थे। चव्हाण को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया है।
राष्ट्रपति भवन की एक विज्ञप्ति में सोमवार को बताया गया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अनुशंसा पर राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने राजा का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, "प्रधानमंत्री की सलाह पर भारत की राष्ट्रपति मानव एवं संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल को निर्देश देती हैं कि वह संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।"
पेशे से वकील सिब्बल चौदह वर्षो में इस मंत्रालय को संभालने वाले कांग्रेस पार्टी के पहले सदस्य होंगे। इसके पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार में यह मंत्रालय डीएमके के पास था।
मंत्रालय का कार्यभार लेने के बाद सिब्बल ने यहां कहा, "प्रत्येक मंत्रालय एक चुनौती है। मुझे जो भी काम दिया जाएगा, उसे मैं निभाऊंगा। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा कि यह मंत्रालय मुझे क्यों दिया गया है।"
चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य सिब्बल (62) ने प्रतिष्ठित कॉलेज सेंट स्टीफन और हारवर्ड ला स्कूल से पढ़ाई की है। सिब्बल को पहली बार राज्य सभा के लिए वर्ष 1998 में चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications