चीन, रूस ने की संयुक्त राष्ट्र में सुधार की वकालत
चीनी वुहान शहर में भारत, रूस और चीन के विदेश मंत्रियों के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया, "विदेश मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र में व्यापाक बदलाव पर जोर देते हुए इसे और अधिक लोकतांत्रिक, प्रतिनिधिक और कुशल बनाने की बात कही जिससे कि यह आज की वैश्विक चुनौतियों से कारगर तरीके से निपट सके।"
बयान के अनुसार, "चीन और रूस के विदेश मंत्रियों यांग जीची और सर्जेई लावरोव ने अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भारत की भूमिका की सराहना की। साथ ही सुरक्षा परिषद में वर्ष 2011-12 के लिए अस्थायी सदस्य के रूप में चुने जाने का स्वागत किया। दोनों देशों ने भारत और परिषद के बीच सहयोग को मजबूत होने की संभावना जताई है।"
भारतीय विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा की अपने चीनी समकक्ष और रूस के विदेश मंत्री के साथ दो दिवसीय त्रिपक्षीय वार्ता हुई है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों मसलन आतंकवाद, परमाणु अप्रसार, वैश्विक वित्तीय संरचना और जलवायु परिवर्तन पर चर्चा हुई।
तीनों मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों से आतंकवाद से संयुक्त रूप से निपटने और इसे तत्काल खात्म करने की अपील की। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय आतंक के खिलाफ एक व्यापक अचार संहिता तैयार करने की बात कही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications