बिहार और उप्र के विकास से ही शक्तिशाली बनेगा देश : राहुल
लखनऊ, 15 नवंबर (आईएएनएस)। अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के तीन दिवसीय दौरे पर आए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने दौरे के पहले दिन सोमवार को बिहार और उत्तर प्रदेश को देश के विकास का केंद्र करार देते हुए कहा कि इन दोनों राज्यों के विकास से ही भारत शक्तशाली बनेगा।
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम लिए बिना राहुल ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि इन राज्यों में जितना विकास होना चाहिए था, उतना नहीं हुआ। दोनों राज्यों में अभी विकास की बहुत जरूरत है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि राहुल ने ये बातें फुर्सतगंज स्थित फुटवियर डेवलपमेंट डिजाइन इंस्टीट्यूट की इमारत का उद्घाटन करने के बाद वहां के छात्रों से बातचीत करते हुए कही।
सिंह के मुताबिक कांग्रेस महासचिव ने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता औद्योगिक विकास के मामले में पिछड़े इन राज्यों में औद्यौगिक विकास की संभावनाएं पैदा करना है। राहुल ने उप्र और बिहार के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि इन राज्यों के लोगों में कार्यक्षमता ज्यादा होती है।
राहुल ने दौरे की शुरुआत सबसे पहले सवई हेमगढ़ गांव से की। उन्होंने गांव में कांग्रेस नेता दीपक सिंह के घर जाकर उनकी मां के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। यहां से वह जायस गए और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ मुलाकात कर उनकी प्रगति की जानकारी ली।
इससे पहले राहुल सुबह करीब साढ़े दस बजे दिल्ली से विमान द्वारा लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरे और सड़क मार्ग से अमेठी पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications