संसद में गतिरोध पर सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। संसद की कार्यवाही में उत्पन्न गतिरोध को दूर करने के लिए सरकार ने मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। विपक्षी पार्टियां राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन और 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग को लेकर संसद चलने नहीं दे रही हैं।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि संसदीय मामलों के मंत्री पवन कुमार बंसल ने विभिन्न पार्टियों के नेताओं को मंगलवार को दिन के भोजन के लिए पत्र लिखा है। इस भोज में लोकसभा के नेता केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी शिरकत करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वामपंथी पार्टियों ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले की जांच जेपीसी से कराने की मांग की है। उनका कहना है कि संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ए. राजा का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है।
उधर, सरकार ने जेपीसी से जांच कराने की मांग को खारिज कर दिया है। सरकार का कहना है कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की स्पेक्ट्रम आवंटन पर दी गई रिपोर्ट लोक लेखा समिति (पीएसी) देखेगी।
उल्लेखनीय है कि संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत पिछले मंगलवार को हुई है, लेकिन 2जी स्पेक्ट्रम पर विवाद के चलते दोनों सदनों में कोई प्रमुख काम नहीं हो सका है। विपक्षी पार्टियों के बढ़ते दबाव के चलते राजा ने रविवार रात अपना इस्तीफा दे दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सरकार मंगलवार को लोकसभा में राष्ट्रमंडल खेल मामले को सूचीबद्ध कर सकती है। खेल मंत्री एम.एस. गिल सरकार की तरफ से जवाब दे सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications