दिल के लिए जोखिम कम करती है एप्लीरीनोन
लंदन, 15 नवंबर (आईएएनएस)। दिल की बीमारियों के इलाज के लिए दी जाने वाली दवा एप्लीरीनोन मरीज में मौत के खतरे को आधा कर देती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह दवा हर साल लाखों हृदय रोगियों का जीवन बचाती है।
दुनियाभर में सबसे ज्यादा मौतें दिल की बीमारियों से होती हैं लेकिन एप्लीरीनोन दिल की जटिलताओं को दूर करने की सबसे क्रांतिकारी दवा है। इस दवा पर प्रतिदिन केवल दो पाउंड का खर्च आता है। यह दवा मौत के जोखिम को 40 प्रतिशत तक कम कर देती है और कई लोगों को अस्पताल में भर्ती होने से बचाती है।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक ग्लासगो विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने फ्रांस, अमेरिका, स्वीडन और नीदरलैंड्स के चिकित्सकों के साथ करीब 3,000 दिल के मरीजों पर चार साल तक अध्ययन किया था।
ग्लासगो विश्वविद्यालय के प्रो. जॉन मैकमुरे कहते हैं कि इस शोध से मरीजों के इलाज की दिशा में बदलाव आया है।
'न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडीसिन' के मुताबिक इस दवा के इस्तेमाल से मरीज की लम्बे समय तक देखभाल करने या उसकी शल्य चिकित्सा की आवश्यकता नहीं होती है।
वर्तमान में चिकित्सक मानक चिकित्सा के कारगर न होने पर एक दवा इन्सप्रा देते हैं। प्रतिदिन दी जाने वाली यह दवा हानिकारक हार्मोनों कॉर्टिसोल और एल्डोस्टीरोन के प्रभाव को कम करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications