संसद में जेपीसी की मांग पर हंगामा, कार्यवाही 12 बजे स्थगित
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। संसद के दोनों सदनों में सोमवार को विपक्ष ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले सहित भ्रष्टाचार के अन्य मामलों की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। इस वजह से लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के आरोपों से घिरे केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा ने रविवार रात इस्तीफा दे दिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य विपक्षी दलों का कहना है कि इस मामले पर राजा का इस्तीफा काफी नहीं है बल्कि जेपीसी का गठन किया जाना चाहिए। इसी को लेकर विपक्षी सदस्यों ने सुबह लोकसभा की कार्यवाही आरम्भ होते ही हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा थमता न देख लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी।
लोकसभा जैसी स्थिति राज्यसभा में भी रही। कार्यवाही आरम्भ होते विपक्षी सदस्य हंगामा करने लगे। इस वजह से कार्यवाही दोपहर तक स्थगित करनी पड़ी। बीते सप्ताह भी संसद की कार्यवाही बाधित हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications