उड़ीसा के दो जिलों में नक्सलियों का बंद
भुवनेश्वर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। नक्सलियों द्वारा उड़ीसा के दो जिलों में सोमवार को आयोजित एक दिवसीय बंद के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा।
प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने पुलिस द्वारा अपने चार कार्यकर्ताओं को चार नवम्बर को मार गिराए जाने के विरोध में मलकानगिरि और कोरापुट जिले कुछ हिस्सों में बंद का आह्वान किया था। यह घटना मलकानगिरि जिले के कार्लाकुता गांव में घटी थी। नक्सलियों ने दावा किया है कि मारे गए चारों व्यक्ति बेगुनाह ग्रामीण थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि निजी और सरकारी, दोनों तरह के बस संचालकों ने एहतियात के तौर पर अपने वाहनों को सड़क पर नहीं उतारा। अधिकारी ने कहा, "हमलों के भय से कई स्थानों पर दुकानें भी बंद रहीं।"
पुलिस अधिकारी ने कहा, "पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त बलों को तैनात कर दिया गया है। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications