त्रिपुरा निकाय चुनाव 11 दिसंबर को
राज्य चुनाव आयुक्त वाई. पी. सिंह ने पत्रकारों से कहा कि अगरतला नगर निगम और 15 नगर पंचायतों के चुनाव के लिए इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
इस चुनाव में कुल 230 पार्षदों का चुनाव करने के लिए 434,512 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसमें से 2,15,412 महिला मतदाता हैं।
सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग मंगलवार को अधिसूचना जारी कर देगा। नामांकन की अंतिम सीमा 23 नवंबर होगी।
त्रिपुरा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में वाम मोर्चे की सरकार है। अगरतला नगर निगम और 15 पंचायत निकायों में भी इनका बहुमत है।
त्रिपुरा सरकार ने इस साल मार्च में त्रिपुरा नगर निगम अधिनियम में संसोधन कर महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात बढ़ाकर 33 फीसदी से 50 फीसदी कर दिया।
गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और हिमाचल प्रदेश के बाद महिलाओं को शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों में 50 फीसदी आरक्षण देने वाला त्रिपुरा भारत का पांचवां राज्य है।
इस बीच वाम मोर्चे ने सोमवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी।
उधर त्रिपुरा कांग्रेस के अध्यक्ष सुरजीत दत्त ने कहा कि उनकी पार्टी इस सप्ताह अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर देगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications