अपहृत अफगान राजनयिक पाकिस्तान में मुक्त
समाचार एजेंसी डीपीए ने राष्ट्रपति भवन से जारी एक बयान के हवाले से बताया, "दो वर्षो से बंधक अब्दुल काहलिक फराही अपहर्ताओं के चंगुल से छूट गए हैं और आज (रविवार) काबुल पहुंच गए हैं।"
पूर्व महा वाणिज्यदूत फराही को उत्तरी पाकिस्तान के पेशावर शहर से सितंबर 2008 में अगवा किया गया था। अपहर्ताओं ने फराही को पाकिस्तान में एक गुप्त स्थान पर ले जाने से पहले उनके चालक की हत्या कर दी थी।
रविवार को जारी बयान में कहा गया है कि फराही का अपहरण कुटेबा सलाउद्दीन गिरोह ने किया था। उन्हें अफगान और पाकिस्तान सरकार के संयुक्त प्रयास से छुड़ा लिया गया।
फराही यहां पहुंचने के बाद राष्ट्रपति हामिद करजई एवं दो उपराष्ट्रपतियों से मिले।
बयान में कहा गया है, "फराही की सेहत दुरुस्त है। वह काबुल में अपने परिवार से भी मिले।"
पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक अपहर्ताओं ने अफगान राजनयिक को मुक्त करने के बदले जेल में बंद अपने साथियों की रिहाई तथा फिरौती की रकम मांगी थी।
अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर राजनयिक को छुड़ाने में मदद के लिए पाकिस्तानी सरकार की प्रशंसा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications