त्रिपुरा में एसएमएस पर दर्ज होगी एफआईआर (लीड-1)
अगरतला, 14 नवंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा के थानों में अब एसएमएस के जरिए प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज होगी। साथ ही विद्रोहियों की तलाश के लिए जल्द ही उपग्रहों का उपयोग शुरू किया जाएगा।
राज्य के पुलिस महानिदेशक के.सलीम अली ने रविवार को कहा, "हम जल्द ही एसएमएस के जरिए प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने की नई प्रणाली लागू करने जा रहे हैं।"
अली ने कहा कि एसएमएस प्रणाली अगले वर्ष जनवरी से राष्ट्रीय सूचना केंद्र के सहयोग से शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में विद्रोहियों की तलाश के लिए जल्द ही उपग्रहों का उपयोग किया जाएगा। उपग्रहों की मदद से राज्य में तीन दशकों से जड़ जमाए विद्रोहियों का अगले कुछ महीनों में सफाया हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा जम्मू एवं कश्मीर तथा झारखण्ड के बाद तीसरा ऐसा राज्य है, जहां विद्रोहियों की तलाश के लिए जियो सेटेलाइट इमेजरी सिस्टम (जीएसआईएस) का उपयोग किया जाएगा।
अली ने संवाददाताओं से कहा, "उपग्रह के जरिए ली जाने वाली तस्वीरें इतनी साफ होंगी, जैसे जमीन से 10 फुट ऊपर से खींची गई हों। सभी जिलों के पुलिस प्रमुख विद्रोही गतिविधियों का पता लगाने के लिए इस नई प्रणाली का उपयोग करेंगे।"
उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर तालमेल के लिए राज्य के सभी थानों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जोड़ा जा रहा है।
पुलिस प्रमुख ने कहा, "पहले चरण में 66 में से 22 थानों को जोड़ा जाएगा।"
उल्लेखनीय है कि सलीम अली 15 वर्षो से अधिक समय तक केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के साथ कार्य कर चुके हैं। उन्हें पिछले महीने त्रिपुरा का पुलिस प्रमुख बनाया गया है।
उन्होंने राज्य में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आठ सूत्री कार्य योजना तैयार की है।
इंडो-एशियन न्सूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications