फ्रांस सरकार का गठन करेंगे फिल्लन
पेरिस, 14 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने फ्रैनसोइस फिल्लन को एक बार फिर से एक नई सरकार के गठन का जिम्मा सौंपा है।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' ने राष्ट्रपति कार्यालय से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि राष्ट्रपति सरकोजी ने यह कदम अपनी सरकार के साथ फिल्लन के प्रधानमंत्री पद से हटने के एक दिन बाद उठाया है। इससे लंबे समय से कैबिनेट में बदलाव करने के इच्छुक सरकोजी का रास्ता साफ हो गया है।
नए कैबिनेट का गठन रविवार के बाद होने की उम्मीद है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि इस बार कैबिनेट में 26 मंत्रियों और राज्य सचिवों को जगह दी जाएगी। इसके पहले कैबिनेट में 37 मंत्री थे।
पूर्व प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री एलेन जुप्पे, जो वर्तमान में बोरडाक्स के मेयर हैं, उनकी कैबिनेट में रक्षा मंत्री के रूप में वापसी हो सकती है।
उधर, राष्ट्रपति सरकोजी के चौथे कार्यकाल को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति की लोकप्रियता में कमी आई है, जिसका संकेत क्षेत्रीय चुनावों में सरकार के खराब प्रदर्शन से मिल चुका है।
इसके अलावा पेंशन सुधारों को लेकर भी राष्ट्रपति की लोकप्रियता में कमी आई है। विश्लेषकों का मानना है कि राष्ट्रपति कैबिनेट में बदलाव कर अपनी छवि सुधारना चाहते हैं। फ्रांस में वर्ष 2012 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications