त्रिपुरा में उपग्रहों से होगी विद्रोहियों की तलाश
अगरतला, 14 नवंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक के.सलीम अली ने रविवार को कहा कि राज्य में विद्रोहियों की तलाश के लिए जल्द ही उपग्रहों का उपयोग किया जाएगा।
अली ने कहा कि राज्य में तीन दशकों से जड़ जमाए विद्रोहियों का अगले कुछ महीनों में सफाया हो जाएगा।
त्रिपुरा जम्मू एवं कश्मीर तथा झारखण्ड के बाद तीसरा ऐसा राज्य है, जहां विद्रोहियों की तलाश के लिए जियो सेटेलाइट इमेजरी सिस्टम (जीएसआईएस) का उपयोग होगा।
अली ने संवाददाताओं से कहा, "उपग्रह के जरिए ली जाने वाली तस्वीरें इतनी साफ होंगी, जैसे जमीन से 10 फुट ऊपर से खींची गई हों। सभी जिलों के पुलिस प्रमुख विद्रोही गतिविधियों का पता लगाने के लिए इस नई प्रणाली का उपयोग करेंगे।"
उन्होंने कहा कि बेहतर तालमेल के लिए राज्य के सभी थानों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जोड़ा जा रहा है।
पुलिस प्रमुख ने कहा, "पहले चरण में 66 में से 22 थानों को जोड़ा जाएगा।"
उनके अनुसार राज्य में तीन दशकों से जड़ जमाए विद्रोहियों के अब गिनती के दिन बच गए हैं।
उन्होंने कहा, "हम जल्द ही एसएमएस के जरिए प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की नई प्रणाली लागू करने जा रहे हैं।"
अली ने कहा कि एसएमएस प्रणाली अगले वर्ष जनवरी से राष्ट्रीय सूचना केंद्र के सहयोग से शुरू की जाएगी।
इंडो-एशियन न्सूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications