बाइकर्स की मदद से पकड़े जाएंगे लुटेरे
भोपाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने शनिवार को बाइकर्स के साथ एक बैठक की और लूट सहित अन्य अपराधों को रोकने में बाइकर्स किस तरह से मदद कर सकते हैं, इस पर चर्चा की।
श्रीवास्तव ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि लुटेरों को पकड़ने में बाइकर्स मदद करना चाहते हैं। उनकी ओर से हुई पहल पर पुलिस ने विचार किया और उनसे सहयोग लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि बाइकर्स की जिस क्षेत्र में तैनाती की जाएगी, उस इलाके की स्थिति से उन्हें पूरी तरह अवगत कराया जाएगा।
श्रीवास्तव ने बताया कि ये बाइकर्स पुलिस के जवानों को भी प्रशिक्षण देने का काम करेंगे, ताकि पुलिस की दक्षता में और इजाफा हो सके। बाइकर्स को वेतन नहीं दिया जाएगा। कोई समाजसेवी संस्था उनकी मदद के लिए आगे आती है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।
श्रीवास्तव ने कहा कि अभी शुरुआती दौर है और जो भी बाइकर्स इस काम में पुलिस की मदद के लिए आगे आएंगे, उनका सहयोग लिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications