पाकिस्तान में आत्मघाती विस्फोट में 8 मरे
इस्लामाबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में एक आत्मघाती हमले और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ की दो घटनाओं में आठ लोग मारे गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार दक्षिणी वजीरिस्तान के व्यस्ततम बाजार में आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा दिया। एक खुफिया अधिकारी ने बताया, "हमलावर एक स्थानीय तालिबानी कमांडर तहसील खान के कत्ल के लिए उन तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था लेकिन कमांडर के सुरक्षाकर्मियों ने उस पर गोली चला दी।"
खान की हाल ही तहरीक-ए तालिबान पाकिस्तान के नेताओं से कुछ अनबन हो गई थी।
इस बीच मोहम्मद कबायली क्षेत्र के जैरात चौक में अर्धसैनिक बलों के एक वाहन के बम विस्फोट की चपेट में आने से एक पाकिस्तानी सैनिक मारा गया।
पश्चिमोत्तर स्वात घाटी क्षेत्र में मुठभेड़ की दो घटनाओं में छह संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
डॉन टीवी ने खबर दी है कि कांजू क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ 12 घंटे तक चली मुठभेड़ में एक कथित कमांडर और उसके तीन साथी मारे गए।
घालगी दारा क्षेत्र में सेना के साथ मुठभेड़ में दो और संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications