नेटो अड्डे पर हमला

सेना ने लड़ाकों पर हमला करने के लिए हैलीकॉप्टरों की भी मदद ली
अफ़गानिस्तान के जलालाबाद शहर में तालिबान विद्रोहियों ने नेटो के एक हवाई ठिकाने पर हमला किया है.
नेटो अधिकारियों के अनुसार अफ़ग़ान सेना और गठबंधन सैनिकों ने दो घंटे तक विद्रोहियों का मुक़ाबला किया और इस दौरान आठ विद्रोही मारे गए.
नेटो सेना का कहना है कि तालिबान जलालाबाद से सटे बेहसुद अड्डे को निशाना बनाने का इरादा रखते थे लेकिन वे इसमे सफल नहीं हो पाए.
पिछले छह महीने में हवाई ठिकाने पर ये दूसरा हमला है.
सेना के मुताबिक़ हमला सुबह सवेरे हुआ जिसके बाद अफ़गान और गठबंधन सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी.
दोनों ओर से गोलियाँ चलने का सिलसिला लगभग दो घंटों तक जारी रहा.
नेटो का कहना है कि लड़ाकों में से एक आत्मघाती हमलावर था.
पूरी घटना में कम से कम आठ हमलावर मारे गए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पास के रिहायशी इलाक़े में कईं लाशें पड़ी थीं लेकिन हमले में किसी आम शहरी के मारे जाने की कोई ख़बर नहीं है.
तालिबान ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.
दूसरी ओर उत्तरी अफ़गानिस्तान के कुंदुज़ प्रांत में एक भीड़ भरे बाज़ार में हुए एक बम धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि आठ अन्य
घायल हैं.
मारे गए लोगों में दो पुलिसकर्मी और छह आम शहरी थे.
अधिकारियों का कहना है कि बम को एक मोटर साइकिल में छुपा कर रखा गया था.


Click it and Unblock the Notifications