पश्चिम बंगाल में 4 नक्सली ढेर, ग्रामीण घर लौटे (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार तड़के अयोध्या हिल्स इलाके में बामनी गांव में मुठभेड़ शुरू हुई। गुरुवार रात से लापता चार ग्रामीणों की तलाश में छापा डाले जाने के दौरान यह मुठभेड़ शुरू हुई। माना जा रहा था कि नक्सलियों ने ग्रामीणों को अगवा किया था।
पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) जुल्फिकार हसन ने कहा, "हमने ठिकाने से दो नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। मौके से परिष्कृत बंदूकों सहित भारी मात्रा में हथियार, डेटोनेटर और जिलेटिन की छड़ें बरामद की गई हैं। जानकारी मिली है कि चार नक्सली मारे गए हैं, दो शवों की तलाश की जा रही है।"
उन्होंने बताया, "छापेमारी के दौरान नक्सलियों के एक ठिकाने का पता चला। उन्होंने सुरक्षा बल पर गोलीबारी की। जवाब में सुरक्षाकर्मियों ने भी गोलीबारी की।"
हसन ने कहा, "अयोध्या हिल्स के बाम्नी जंगली इलाकों में शुक्रवार तड़के 'कॉम्बैट बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन' (कोबरा), राज्य पुलिस की नक्सल निरोधी शाखा 'काउंटर इंसरजेंसी फोर्स' (सीआईएफ) और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई।"
गौरतलब है कि बूदा गांव के बनमाली सरदार, रतन मुर्रा, कालीचरण मुर्रा और बिरेन सरदार गुरुवार शाम उस समय से लापता थे, जब नक्सलियों ने पहाड़ियों की तरफ जाने वाले रास्ते के बारे में उनसे पूछा था।
शुक्रवार शाम चारों ग्रामीण अपने घर लौट आए।
ग्रीमीणों ने कहा है कि उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने पूछताछ के लिए रोक लिया था और शुक्रवार को छोड़ दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications