पाक ने भारत, अफगान के खिलाफ आतंकियों को पनाह दी : क्लिंटन
वाशिंगटन, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि पाकिस्तान ने एक समय भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ आतंकी संगठनों को पनाह दी, लेकिन अब इसमें 'बदलाव आ रहा है।'
एबीसी न्यूज को दिए साक्षात्कार में क्लिंटन ने कहा, "पाकिस्तान पर बड़ी जिम्मेदारी है और उसे हमारे साथ मिलकर काम करने की जरूरत है, क्योंकि उसे तालिबान और अल कायदा को जड़ से उखाड़ फेंकना है।"
उन्होंने कहा, "मैं महसूस करती हूं कि पिछले 20 महीने के दौरान पाकिस्तान ने अपने हितों का हिसाब लगाते हुए अपनी रणनीति में काफी बदलाव लाया है।"
यह पूछने पर कि ओबामा प्रशासन ने कांग्रेस से पाकिस्तान को दो अरब डॉलर की सहायता देने की सिफारिश की, जबकि वह अल कायदा को पनाह दिए हुआ है, क्या अमेरिका की यह दोहरी रणनीति नहीं है? क्लिंटन ने जोर देते हुए कहा कि 'बीते समय' में इस्लामाबाद का रवैया भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ रहा है।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान बदल रहा है। अब यहां बैठे मैं यह तो नहीं कह सकती कि क्या बदलाव आया है, लेकिन बदलाव आ रहा है।"
यह पूछने पर कि यदि पाकिस्तान ने अपने रवैये में बदलाव नहीं लाया तो क्या वह अगले वर्ष उसे दो अरब डॉलर देने की सिफारिश नहीं करेंगी, क्लिंटन ने कहा, "हमें क्या करना है, यह नागरिकों और सेना तथा पाकिस्तान स्थित खुफिया नेतृत्व से परामर्श लेने के बाद हम तय करेंगे। यह बहुत स्पष्ट है कि उससे हमारी क्या अपेक्षा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications