सू ची की रिहाई से राजनीतिक बदलाव की उम्मीद : कृष्णा
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने कहा, "मैं समझता हूं कि म्यांमार के शासन ने आंग सान सू ची को रिहा किया है। भारत की सरकार उनकी रिहाई का स्वागत करती है। म्यांमार के नजदीकी पड़ोसी के रूप में हमें विश्वास है कि इससे म्यांमार में राजनीतिक बदलाव में मदद मिलेगी।"
कृष्णा ने म्यांमार में हाल ही में संपन्न चुनावों पर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "म्यांमार में हाल ही में संपन्न चुनाव वहां की सरकार द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रीय सुलह प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"
विदेश मंत्री ने कहा, "हमने इस प्रक्रिया को व्यापक रूप से आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया है।"
सैन्य शासन के छद्म रूप 'यूनियन सालिडरिटी एंड डेवलपमेंट पार्टी' (यूएसडीपी) द्वारा बहुमत से चुनाव जीतने के बाद सू ची को रिहा किया गया है। सू ची की पार्टी 'नेशनल लीग आफ डेमोक्रेसी' (एनएलडी) के एक गुट को हार का सामना करना पड़ा है।
पश्चिमी देशों ने जहां म्यांमार के इन चुनावों में गड़बड़ी का आरोप लगाकर निंदा की है, वहीं भारत ने सावधानीपूर्वक अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications