ओबामा वास्तविकता से अपरिचित : बॉबी जिंदल
वाशिंगटन, 13 नवंबर (आईएएनएस)। लूसियाना के भारतीय मूल के अमेरिकी गवर्नर बॉबी जिंदल ने राष्ट्रपति बराक ओबामा पर आरोप लगाया कि उन्होंने तेल रिसाव के दौरान जमीनी हकीकत को जानने की कोशिश नहीं की और केवल इसके राजनीतिक परिणामों की चिंता करते रहे।
सोमवार को जारी होने जा रही अपनी नई किताब 'नेतृत्व और आपदा' में जिंदल ने राष्ट्रपति से निजी बातचीत के कुछ अंश शामिल किए हैं जिसके जरिए उन्होंने राष्ट्रपति के कार्यो को राजनीति से प्रेरित बताया है।
जिंदल ने अपनी किताब में उल्लेख किया कि आपदा के बाद लूसियाना के पहले दौरे के समय ओबामा ने खुद को मूल समस्याओं से दूर कर लिया था। जिंदल ने अमेरिकी प्रशासन को लिखे अपने एक पत्र का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने तेल रिसाव के कारण रोजगार खोने वाले लोगों को खाद्य कूपन उपलब्ध कराने की मांग की थी।
जिंदल ने लिखा कि यह पत्र पूरी तरह से सामान्य था लेकिन ओबामा इसको लेकर काफी नाराज और चिंतित थे। उन्होंने मुझे चेतावनी देते हुए कहा 'सावधान रहो, यह सबके लिए बुरा होगा।'
जिंदल ने लिखा, "उनके लिए राजनीतिक दिखावा ज्यादा महत्वपूर्ण था।"
ऑफशोर ड्रिलिंग पर रोक लगाए जाने के फैसले पर जिंदल ने लिखा कि ओबामा ने आर्थिक प्रभावों को लेकर उनकी चिंताओं को खारिज किया।
जिंदल ने लिखा कि जब उन्होंने राष्ट्रपति ओबामा को लोगों की नौकरियां जाने की आशंकाओं के बारे में बताया तब राष्ट्रपति ने उस राष्ट्रीय सर्वेक्षण का उल्लेख किया जिसमें कहा गया था कि लोगों ने प्रतिबंध का समर्थन किया है। जिंदल के मुताबिक ओबामा ने कहा, "मैं समझता हूं कि आपको ऐसा कहना पड़ेगा, मैं जानता हूं कि आपको ऐसा कहने की जरूरत है, आप राजनीतिक दबाव झेल रहे हैं।"
जिंदल ने लिखा, "उस समय व्हाइट हाउस में मानवीय तत्व अदृश्य लग रहा था।"
जिंदल ने लिखा कि आपदा के समय ओबामा का रवैया प्रशासन की मौलिक समस्या का एक रूपक था। जिंदल ने लिखा, "वे जमीनी हकीकत से वाकिफ नहीं थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications