मोदी ने तमिलनाडु के निवेशकों को आमंत्रित किया
निवेशकों की एक बैठक में शनिवार को मोदी ने यहां कहा कि गुजरात में शिक्षण को समाज सेवा के रूप में चलाया जाता है। इसलिए कारोबार के रूप में शिक्षण संस्था खोलने वालों को यहां मुश्किल होगी।
मोदी यहां 'वाइब्रेंट गुजरात' के लिए रोड शो शुरू करने आए हैं। गुजरात की राजधानी गांधी नगर में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 12-13 जनवरी 2013 को 'वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन' का आयोजन किया जाने वाला है।
मोदी ने कहा कि गुजरात में शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए एक संस्थान की स्थापना की गई है। विदेशों में शिक्षकों की अत्यधिक मांग को देखते हुए इसे शुरू किया गया जिससे वे विदेश जाकर शिक्षण कार्य कर सकें। इस संस्थान में 2015 तक शिक्षकों का कैंपस प्लेसमेंट होना शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि मानव संसाधन का विकास करने के लिए गुजरात में अब तक 2,000 संस्थान स्थापित किए गए हैं।
उपहारों की नीलामी के बारे में उन्होंने बताया कि उन्हें उपहार में मिले लगभग 8,000 सामानों की नीलामी से 20 करोड़ रुपये मिले। इसे बालिकाओं की शिक्षा में लगाया जाएगा।
तमिलनाडु के सूत मिलों को आमंत्रित करते हुए उन्होंने कहा कि वस्त्र उद्योग के लिए हमारे पास 'पांच एफ' की नीति है- फार्म (कपास) से फाइबर (धागा) से फैब्रिक (कपड़ा) से फैशन (वस्त्र) से फॉरेन (वस्त्र का निर्यात)।
उन्होंने गुजरात में 24 घंटे निर्बाध बिजली की गारंटी दी।
इससे पहले कारोबारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि गुजरात में औद्योगिक संरचनाओं का विस्तार करने के लिए अभी 13 विशेष निवेश क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा वहां 60 विशेष आर्थिक क्षेत्र पहले से हैं।
उन्होंने निर्बाध बिजली, पारदर्शी शासन और बेहतर संरचना का वादा कर कारोबारियों को गुजरात में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications