अफगानिस्तान में विस्फोट, 10 की मौत (लीड-1)
कुंदूज (अफगानिस्तान), 13 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तरी अफगानिस्तान में शनिवार को हुए बम विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि देश के पूर्वी भाग में स्थित नाटो की छावनी पर हमले की कोशिश में छह संदिग्ध आतंकी मारे गए।
समाचार एजेंसी डीपीए ने आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान के हवाले से बताया कि यह विस्फोट शनिवार की सुबह उत्तरी प्रांत कुंदूज के एक भीड़ भरे बाजार में किया गया। एक मोटरसाइकिल में छुपाए गए विस्फोटक में रिमोट की मदद से किए गए विस्फोट में तीन बच्चों सहित 10 लोगोंे की मौत हो गई।
बयान में कहा गया है कि इमाम साहिब जिले में हुए इस विस्फोट में लगभग 18 लोग घायल हो गए।
इससे पहले प्रांतीय पुलिस प्रमुख अब्दुल रहमान सैयदखिली ने कहा था कि इस विस्फोट में दो मिलिशिया सदस्यों और छह नागरिकों सहित आठ लोग मारे गए हैं।
एक अलग घटना में आतंकियों ने पूर्वी प्रांत नांगरहार की राजधानी जलालाबाद के बाहरी इलाके में हवाई अड्डा स्थित नाटो के नेतृत्व वाले सैन्य बलों की छावनी पर ग्रेनेड फेंकने के लिए राकेट का इस्तेमाल किया तथा स्वचालित राइफलों से गोलीबारी की।
संयुक्त सेना ने एक बयान में कहा है कि अफगान एवं विदेशी बलों के साथ मुठभेड़ में सभी हमलावर मारे गए। बताया गया है कि संयुक्त बलों का कोई जवान हताहत नहीं हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications